सोमवार, 11 मई 2015

कोई भी कवि जिसकी कविता में लोकचेतना और जनपदीय बिम्बों का अभाव हो उसकी कविता यथार्थ का बोझ नही उठा सकतीं है जब कवि अपने आस पास के वातावरण से संवेदित होता है तो यथार्थ का  तनाव विषय बन  जाता है और काव्यभाषा में कवि का अक्स दिखने लगता है| अरुण शीतांश की कविताओं में  जीवन  के जितने सामाजिक , राजनैतिक , आर्थिक . पूंजीवादी, जमीनी ,पारिवारिक  आयाम हैं छोटी छोटी कविताओं में छोटे छोटे बिम्बों के सहारे उपस्थित होतें है | ये छोटे छोटे बिम्ब व्यक्ति और परिवेश के मध्य दृष्टि के सहारे निर्मित होतें है |  छोटे बिम्ब एकत्र होकर एक बड़े बिम्ब का निर्माण कर  देतें है| सारे बिम्बों का सामूहन  एक बड़े बिम्ब में हो जाता है  जिसमें  छोटी छोटी  कवितायें आखिर में बड़ी कविता  का निर्माण कर देती है | बिम्ब सामूहन की यह कला बहुत कम कवियों में देखने को मिलती है| इन कविताओं में  वैज्ञानिक जांच  के सहारे व्यापक मानवीय संबंधों को रचनात्मक स्तर पर परिभाषित करने की कोशिश की  गयी है यहाँ  यथार्थ का  तनाव  भाषा को अधिक जिम्मेदारी दे देता है यहाँ भाषा ही वह माध्यम बनती है जो कविता के अंत: स्तरों को पाठको के समक्ष खोलती है| भाषा  कवि का निजी उत्पाद नहीं हैं बल्कि उस  जनसमुदाय का सामूहिक उत्पादन है  जहां पूँजीवाद द्वारा प्रदत्त यंत्रणा समूचे समुदाय के लिए एक जैसी  है  |  अनुभूति और स्व संवेदन एक जैसा ही है  | अभिव्यक्ति का तीखापन और पीडाबोध का स्तर भाषा का तीखापन और बोधगम्यता का निर्धारक होता है|  अरुण शीतांश  की कवितायेँ कहीं भी “अभिजात्य” भाषा बोध से अनुलग्न नहीं हैं | भाषा की प्रमाणिकता यही है की आम आदमी  की जिंदगी में रोजमर्रा प्रयुक्त होने वाले शब्द समूहों का यहाँ संतुलित और सचेत प्रयोग है | एक ऐसी भाषा जो व्यापक जनसमुदाय के बीच प्रचलित है, जिससे व्यक्ति  का हर रोज़ साक्षात्कार होता है, जिन शब्दों से वह अपनी पीडाओं को स्वर देतें है, उनका अर्थ कवि की जमीनी और समुदायिक  की पीडाओं में खोजा जा सकता है, ऐसे शब्दों का कविता में प्रयोग भाषागत प्रयोगधर्मिता के साथ साथ भाषा को एक नयी ऊर्जा से  भर  देता है | अरुण शीतांश की कविता में  कंटेंट के अनुसार में रचनात्मक भाषायी  प्रयोगों के  दर्शन होते हैं | भाषा का पैनापन तब और बढ़ जाता है जब भाषा मुहावरों की तरह प्रतिसाद देने लगती है|  तब कविता कविता के दायरे से निकलकर  एक संवाद जैसी भंगिमा अख्तियार लगने लगती है | आज हम लोकविमर्श में अरुण शीतांश की भिन्न भिन्न विषयों पर लिखी गयीं कविताओं का प्रकाशन कर रहें है जिनमे भाषागत विविधता के साथ साथ बिम्बों का अंत: सम्बन्ध खोजा जा सकता है  





अरुण शीतांश की कवितायें

१ दो गज़ जमीन का हत्यारा
-------
अरूण शीतांश
वो समय का पाबंद नहीं था
वह पिता की हत्या करना चाहता था
वह अपना कभी नहीं था
बुद्ध तो देख रहे थे
माँ आँसू बहा रहा थी
पिता की बेइज्जती पर
मानुषखोर था वह
जंगली नहीं था
उसके पिता छोड़ रखे थे खुलम्खुला
वह हत्या करनेवाला खिलाड़ी था
ठेहे पर पिता की मूंडी रख तड़पाना चाहता था
पिता ने पैसे खर्च किए पढाने में
रोजगार दी
वह हत्या के जरिए 
बालूस्तान मे फेंकना चाहता था उन्हें
मुझे नफरत नहीं उससे
दया है
वह बीडी. पीता दुकानदार से दारू नहीं 
ख़ून माँगता है
वह इस पृथ्वी का पहला इंसान है जो रहने लायक नहीं है .
उसे देखकर अपने गाँव में
रोज़ एक दिन मर रहा हूँ
उसके मरने से पहले
वह गोली भी मारेगा मुझे या मेरे परिवार के सदस्य को 
तो आह निकलेगी
हे राम ! नहीं
१८.०३.'१५




२ सही समय
----------
अरुण शीतांश
सही समय 
सही पहचान
घर अफिस दोस्त सब मिथ्या अहंकार.बाबा का समय था .सहज .
छल पर थूकते लोग
बल था
बिगड़ता पल
समय ने लाकर रख दिया हमें 
किस जगह माता !
ये दुनिया हमारे लायक नहीं
वृक्षों की डालियां पसर रहीं है रात रात भर 
राईफल गोला बारुद लैपटॉप मिसाईल युद्ध कारखाने आराजक सरकार दम्भी क्रुर गाली गलौज गाडियाँ सब पक कर रहें हैं विश्वास
रोज़ मरते लोग आँकड़ा बेईमान
शहर शैतान
न्यायधीशों के पाँव पैसों से लदा फदा 
छतों से फेकतीं रोटियाँ कचडे़ में 
रोड हाय हाय 
बाय बाय 
सेमिनार हॉल में बहसें 
सरकार की खिंचाई
सब रोना धोना बंद
सब राजा का चरण दास
दिल्ली दरबार मीडिया पत्रकार
२०१५ आजतक इस पल तक 
उत्तेजनात्मक विचार
क्यों रो रहीं रधिया
रामबली 
सुगना बचवा 
बस बची है किसी तरह एक कोठरी 
आदिवासी विचार ....

३ चोप 
------
अरुण शीतांश
पारिस्थितिकी संतुलन के लिए हर घर मे 
एक बागीचा चाहिए
पेडो़ं में फल हो 
पौधों मे फूल
रोज़ नई घटना की तरह 
बना रहे सुंदर पर्यावरण
जंगल की तरह घेरे में पक्षियों के कलरव 
घोड़ों का टॉप सुनाई दे
ठक ठक ठक ठक
शुद्ध हवा में 
शांत; विश्राम की तरह
कोई माउस लैपटॉप न हो और मोबाईल
बस
संवाद हो निश्चल हँसी के साथ भरपूर
आम का पेड़ खूब हो 
जिस पर बैठकर ठोर से मारे 
मनभोग आम को
कोई सुग्गा 
एक दिन गिरे तो चोंप कम हो 
धोकर खा जाँए सही सही 
मुँह में चोप का दाग हो 
कोई बात नहीं
हर भारतीय को नसीब कहाँ 
बाल्टी में भरकर खा लें भरपेट आम
कुत्ता बेचारा खा नहीं सकता
देखता है कातर नज़र से
बच्चे हुं हां करते 
ओ ओ ओ 
आ आ आ आ आ
दौड़ते भागतें भैंस गाय के साथ चिलचिलाती धूप में 
माँए गाली देती -अरे बईआ समवना!
अरे अरे ! खा ले खा ले 
लू लग जइहें
माँए
महुआ को पसारती 
सुखाती भांड़ी में रख आई
नयका चाउर के भात का माड़ कुत्ता खाता 
चपर चपर चपर ... 
थोड़ा जल 
हाँफते पीता 
चटर चटर चटर.....
चमकती बिजली की तरह टाल का खेत
कौंधती धमकती आँच 
लहकती सी देह 
तप्त पसीने से सराबोर 
पेंड़ की छाँव हीं काम आया 
गमछी बिछाकर ..
दू बात सबसे करके 
सानी पानी गोबर डांगर सब निफिकीर 
पीते हुए पनामा सिगरेट
जो पनामा नहर को याद दिलाती है किसानों को
कल पेड़ और खेत के गीत गाए जाऐगें
रोपी जाएँगी फ़सलें
रात भर भरे जाएँगें पानी से
खेत ....
सरकार की नज़र से बचकर कहाँ जाऐगा
पेट 


४ एक नशा है
----------
अरुण शीतांश
पानी की भी उमर होती है
पचपन
पानी ने पूछा नहीं हवा से उमर के बारे में 
हवा पानी बनती गई
उमर की तरह
हम किस रुख की हवा की बात कर रहें हैं 
उत्तर दक्षिण
पूरब पश्चिम
हर हवा में दिशा है
एक नशा है
हवा पानी लेने गई 
पहाड़ से 
पानी मैदान में बरस रहा है
बारिश में नहाते बच्चे 
कह रहें हैं 
घोघा रानी कितना पानी....
२२.०४.'१५


५ खण्डहर
--------
अरूण शीतांश
रात में रंगरेज रंग रहा है कपड़ा
रौशनी है
रौशनी का पीलापन कौन रंग रहा है रंगरेज
कमरे में अचानक अँधेरा 
अँधेरा कौन रंग रहा रंगरेज
आवाज जोर से निकली 
बचा लो कबीर!
मुँह से थूक निकल आया
थूक का रंग किसने कब रंगा रंगरेज
मेज पर फूल और फल देख रहा हूँ
फूल और फल को किसने रंगा रंगरेज ....
२१.०४.'१५

६ समय सबका होता है
-----------------

अरुण शीतांश
समय तबाह करता है
समय किसी का नहीं होता
समय सब देख रहा है .
हमें समय को देखना चाहिए
समय हमें क्यों देखेगा
सही बात समय से शुरु होती है 
और खत्म हो जाती है .
समय को कोई नहीं मार सकता 
हमे समय मार सकता है
हर समय में हम हैं
बस 
समय बचना चाहिए
बचाना भी चाहिए
बहुत समय खर्च करते है हम 
नहीं तो हम समय से सुंदर होते !
( एक आवारा लड़के के लिए )
२४.०३.'१५


७ समय के बाँहों में
-------------

अरूण शीतांश
समय से सब है 
हम समय में हैं
थरथराते हाथ खोज रहे हैं 
सहारा 
समय के लिए
हो जाए आराम 
टूटे वृक्ष की तरह
हम वृक्ष की परीछांई हैं 
हम समय के सिपाही
दो जून की रोटी 
समय में है
चलो ! चाँद से पानी माँगू .
१६.०३.'१५



८ बेल
----
अरूण शीतांश
तुम्हारी गोलाई को देखकर 
बेल याद आती है
पेड़ नहीं
और जब पेड़ देखता हूँ तो बेल नहीं दिखाई देता
उसके शाखा पर लटका भटका टटका 
भोर हूँ
जो ब्रह्म मुर्हूत में चला जाता हूँ पीने पाने
बेल का शरबत
मेरे पास कुछ नहीं है 
आँख के सिवाए ;
तुम्हारे पास सबकुछ है
जिस दिन
पेड़ बोलेगा पत्तियाँ हिलेंगी
नाच नचा दूँगा उस दिन जी भर 
बाबा की फुलवारी में
दीप्त हो उठेगा 
पृथ्वी की अंडाकार की गोलाई
१२.०३.'१५
 अरुण शीतांश
संपादक देशज
मणि भवन
संकट मोचन नगर
आरा बिहार

 

शनिवार, 9 मई 2015

LOKVIMARSH (लोकविमर्श): वे मुझे कमजोर करना चाहते थे क्योंकि वेमहत्वाकांक...

LOKVIMARSH (लोकविमर्श): वे मुझे कमजोर करना चाहते थे 
क्योंकि 
वेमहत्वाकांक...
: वे मुझे कमजोर करना चाहते थे   क्योंकि   वे महत्वाकांक्षी थे मैं मजबूत रहना चाहता था   क्योंकि   मेरी कोई महत्वाकांक्षा नहीं थी अश...
वे मुझे कमजोर करना चाहते थे 
क्योंकि 
वे महत्वाकांक्षी थे
मैं मजबूत रहना चाहता था 
क्योंकि 
मेरी कोई महत्वाकांक्षा नहीं थी

अशोक कुमार की कविताओं का विस्तार फलक बहुत बड़ा है विभिन्न प्रकार के विषयों को  समेटते हुए परिवेश में तनाव की सृष्टि कर देना और उस तनाव को कविता द्वारा अभिव्यक्त करने का जोखिम उठाना अशोक की खासियत है |जीवन संदर्भों को अनुभव की सीमाओं में परखकर पाठकीय संवेदना को झकझोर देने वाली कवितायें अपने समकालीन दबावों को स्वीकार करती है | व्यवस्था द्वारा गढे गये समय के क्रूर , आतंककारी ,स्वार्थी चरित्र को आलोचित करते हुए अशोक मनुष्य के पीडाबोध को व्यापक सामाजिक संदर्भों से जोड़ देते हैं उनकी यह रचनात्मक प्रक्रिया राजनीति और पूँजीवाद के अनैतिक गठजोड़ से उत्पन्न बहुस्तरीय जटिलताओं को उघाड़ने के काम आती है |उनकी भाषिक संरचना राजनीति के छद्म कार्य व्यापारों को पकड़ने में सक्षम है यही कारण है उनकी कविता घिसे पिटे  मुहावरों से प्रथक होकर जनतांत्रिक भाषा में नए मुहावरे तलास करती हुई प्रतीत होती है और कविताओं में व्याप्त घुटन , तनाव , आक्रोश किसी न किसी सकारात्मक स्वर का संबल देते है | यहाँ बेचैनी फैसन नही है न ही वो नकली धडकनों से पैदा हो रही है बल्कि व्यवस्था की आग में जल रहे एक युवा कवि के सामयिक तेवरों को रेखांकित कर रही है | अशोक कुमार युवा कवि है इनकी कविताओं से मुझे निलय जी ने परिचित कराया पिछले एक हफ्ते से मैं इनकी कविताओं को पढ़ रहा था आज मैं साथी अशोक कुमार की कुछ कविताएँ प्रकाशित करने के  बहाने पिछले दो माह से व्यस्तताओं के कारण स्थगित चल रहे लोकविमर्श ब्लॉग को  पुन: आरम्भ कर रहा हूँ | ब्लाग अब लगातार अपडेट होगा | हम समस्त विधाओं का प्रकाशन करते है शर्त ये है की रचना सरोकार पूर्ण हो |


 अशोक कुमार की कवितायें

१ खुशखबरी 
____________
कई बार 
खुशखबरी क्या होती है सचमुच
चीजों के भाव गिरने के
बुखार उतरता है 
कई बार 
मियादी बीमार के .
२ झुका सिर 
___________
उसके आगे मैंने सिर झुकाया 
और उसकी कैंची मेरे बालों में चलने लगी थी
साब जी पचीस साल हो गये 
टीन टप्पर की दुकान के
जरूर हुए होंगे 
पंद्रह साल से तो मैं तुम्हें जानता हूँ
बाल बनाते समय वह चुप कहाँ रहता था 
खोद खोद कर पूछता था
भईया बच्ची को अब नहीं लाते
हाँ, बड़ी हुई न 
अब तो पार्लर में बाल कटाती है
आप भी तो कम आते हैं
मैंने कहा-  हाँ 
बाल भी तो कम हुए न अब
मैंने पूछा 
तुम्हारी बेटियाँ
बोला वह 
सर, तीनों की शादी कर चुका
चलो अच्छा किया
साब 
बहुत दिनों बाद आये हैं 
रामनवमी है 
बख्शीश भी मिलता कुछ
मैंने गौर किया था 
उसका सिर झुका हुआ था.
३ वसंत 
__________
वसंत एक उतरा हुआ जामा था 
आदमी ने अपनी त्वचा से उतारी थी 
जमी हुई बर्फ की परत 
और पेड़ अपनी खाल झाड़ रहे थे
एक औरत कोयल के साथ कूक रही थी वहीं 
जहाँ आम अपनी मंजरियों से रस टपका रहे थे
यह निम्बोलियों के पकने का समय था 
महुओं के टपकने का समय था 
ठंड से बचे हुए आदमी के लिये 
गरमी से लड़ने की तैयारी का समय था
पलाश के खिलने का समय था वसंत 
गेहूँ की बालियों के पकने का समय था
वसंत एक साल बीत जाने का समय था 
उम्र की गिनती का समय था.
४ दंभ
____________
वे मुझे कमजोर करना चाहते थे 
क्योंकि 
वे महत्वाकांक्षी थे
मैं मजबूत रहना चाहता था 
क्योंकि 
मेरी कोई महत्वाकांक्षा नहीं थी
मैं लोभी नहीं था 
मैं दुर्बल नहीं था 
मैं जितेन्द्रिय था 
मैं कामी नहीं था 
मैं कायर नहीं था
और वे मुझे कमजोर करना चाहते थे 
क्योंकि वे कमजोर थे 
और उनकी महत्वाकांक्षायें पैर पसार रही थीं 
पर तोल रही थीं.
५ बहसों के बीच 
_____________
बहसें जब खुले मैदानों में  होती थीं 
जहाँ सोमरा मंगरा बुधना थे 
उन्हें सख्त ताकीद थी 
कि वे भाषा में तमीज और तहजीब को जिन्दा रखें
बहसें अब भव्य बंगलों के आलीशान कमरों में हो रही थीं 
जहाँ सोमरा मंगरा बुधना नहीं थे 
ताज्जुब था कि भाषा 
बदतमीज और बे- तहजीब कैसे हुई थी.
६ ' सीली हुई माचिस की तीलियाँ '
__________________________
माचिस की तीलियाँ बिन बरसात
गीली पड़ी थीं
माचिस की तीलियाँ भीषण गरमी के बावजूद महरायी हुई थीं
दिन भर काम के बाद
औरत जब फूँकना चाह रही चूल्हा
बेदम पड़ी थीं तीलियाँ
बिन पानी बादलों की तरह .
खतरनाक दौर था जब
विधेयक खो रहे थे अपना पाठ
और न्याय को संभाले हुए थी
एक तिरछी तराजू .
चाक गढ रहे थे कच्चे बरतन 
पकानेवाली भट्ठियाँ आग के बिना सूनी और ठंडी पड़ी थीं
ठंडेपन का आलम यह था कि जब लोग मिला रहे थे हथेलियाँ
बर्फ के ठंडेपन की सूईयाँ चुभ रही थीं
आग गायब हो रही थी लोगों के जेहन से
शहर के हड़ताली चौक से बुझी हुई आग समेट रहे थे लोग
सीली हुई माचिस की तीलियाँ
सूखने के इंतजार में थीं .

७ ' जनता चुनती है आम आदमी '
________________________
जनता ने चुना आम आदमी 
और वह सत्ता की दीवारों में चिना गया 
फिर समय की भट्ठी में तप कर खास बन गया
जनता ने पहले भी चुने थे आम आदमी 
जो महल के परकोटे पर चढ कर 
खास हो गये थे
जनता ने फिर चुना आम आदमी 
इम्तहान की घड़ियों ने जब टिक - टिक किया 
वह खास हो गया था
जनता हर बार चुनती है आम   ही आदमी 
और हर बार वह खास हो जाता है .
८ ' आश्चर्य '
_________________
दुनिया का सबसे बड़ा आश्चर्य पूछा था यक्ष ने युधिष्ठिर से
धर्मराज ने कोई माकूल जवाब ही दिया था 
सबसे बड़ा सच भी पूछा था
सबसे बड़ा झूठ भी
लोभ के कारण भी
मुक्ति के उपाय भी .
... फिर भी दुनिया में घड़ियाल बढ गये थे 
डायनासोर विलुप्त हो गये थे
वे होते तो बढ गये होते .
ऐसा तो नहीं था कि वाजिब सवाल वे न थे
ऐसा भी तो नहीं था कि वे पूछे जाने जरूरी थे .
वे सवाल हरगिज गैर-प्रासंगिक और अनुपयोगी नहीं थे
उन सवालों का जवाब दे रहा था आदिमानव 
कंदराओं की भीत्ति-चित्रों से बाहर निकल कर 
जब नदी किनारे किसी बस्ती का चित्र खीँचा उसने 
मिट्टी की ढूह पर 
जब पेट की आग के लिये
चकमक पत्थरों से निकाल रहा था आग वह
और अपने पैरों में बाँध लिये पहिये .
अब तो महा-मानव भी पैदा कर लिये थे आदि-मानव ने
उनके पंख भी बाँध डाले थे 
ऐश्वर्य के साम्राज्य भी खड़े कर डाले थे .
यक्ष फिर भी था वहीं
और वही प्रश्न दुहरा रहा था.
फर्क था एक 
कि धर्मराज न था कोई
यक्ष अनुत्तरित था .










अशोक कुमार, शैलजा अपार्टमेंट, फ्लैट संख्या 102/बी, मटवारी, हजारीबाग (झारखंड) . मोबाइल संख्या 08809804642