रविवार, 9 अगस्त 2015

 कुंवर रवींद्र के चित्रों का संसार ---युवा कवियित्री मनीषा जैन की दृष्टि



15 जून 1957 को जन्में कवि  चित्रकार के. रविन्द्र जी के चित्रों का संसार बेहद अद्भुत है। के. रविन्द्र जी के चित्रों को मैंने फेसबुक की दुनिया के जरिए से जाना। इनके चित्रों में आर्कषण का आलम यह है कि लगता है कि बस देखते ही रहो ये चित्र। इन चित्रों में जीवन है , मनुष्यता है तथा जीवन के पांच तत्वों    (पृथ्वी, जल,  अग्नि, आकाश, वायु) का समावेश है। और प्रकृति की अद्भुत छटा तथा केन्द्र में रंगबिरंगें रंगो से रंगी चिड़िया व मानव है। मानव व प्रकृति का गहरा रिश्ता होता है ऐसा ही इनके चित्रों में भी दिखाई देता है। कई चित्रों में तो चिड़िया मानो कुछ कहती हुई प्रतीत होती है। रविन्द्र जी की कविताएं भी कई रंगों की हैं। वे रंगों में कविता का समावेश करते हैं या कविता में रंगो का कहना मुश्किल है।


वे रंग व शब्दों के ताने बाने से अपनी कला की दुनिया सजाते हैं। यदि कहें कि रविन्द्र जी की कला रूपी नदी में जीवन व प्रकृति से ओतप्रोत लहरों का प्रवाह बहता है तो यह अतिश्योक्ति न होगी। इनके चित्रो की अनेक प्रर्दशनियां लग चुकी हैं तथा लग रही हैं। अब तक पत्रिकाओं तथा पुस्तकों के सत्रह हजार मुखपृष्ठों में इनके चित्र स्थान पा चुके हैं। रविन्द्र जी के पास चित्रो का ख़जाना है और हरेक चित्र एक दूसरे से भिन्न है  कहीं कोई दोहराव नहीं। चित्रों में कहीं घर रूपी झोंपड़ी की छत पर चिड़िया बैठी है जो जीवन का संदेश देती है कि इस घर में जीवन है। एक चित्र है नीले सफेद रंग का,  जिसमें कई छोटे बड़े घर हैं और आकाश में आधा चांद है जैसे कि बोलता सा प्रतीत होता है मानो मकान के भीतर से अभी कोई आदमी बाहर निकलेगा। इनके चित्रों में प्रतीकों व बिबों का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। किसी चित्र में दो उदास चेहरे दिखलाई देते हैं , तो उसी चित्र में चिड़िया खुशी,  आशा, उल्लास का प्रतीक है। जिसे देखकर उम्मीद बंधती है। जिस तरह जे. स्वामीनाथन के चित्रों में पहाड़ पर चिड़िया जीवन की प्रतीक है। उसी तरह इनके चित्रों में चिड़िया विशेष रूपक बांधती है।



एक चित्र जिसकी पृष्ठभूमि पीली है, उसमें घास के गलीचे पर एक लाल रंग का व्यक्ति अपने पैरो पर हाथ रखकर बैठा है, उसके कंधे पर एक नीली चिड़िया बैठी है ऐसा प्रतीत होता है कि मानो चिड़िया व मानव का संवाद चल रहा है। आज की पत्थर होती दुनिया में ऐसे चित्र व्यक्ति में हर्ष व उल्लास का संचार तो करते ही हैं।


के. रविन्द्र ने अब तक अनेक कविता पोस्टर भी बनाए हैं , उनमें अद्वितीय सौन्दर्य झलकता है। अद्भुत रंग संयोजन। एक चित्र जिसमें सफेद वस्त्र पहने एक स्त्री मुंह नीचा किए बैठी है और उसके घुटने पर एक छोटी सी चिड़िया चोंच खोले कुछ कह रही है,  अब यह चित्र देख कर सोचा जा सकता है कि चिड़िया क्या कह रही होगी ? जरूर ही उस स्त्री में प्रसन्नता का भाव भर रही होगी या पूछ रही होगी कि तुम उदास क्यों हो?


आज के समय का यथार्थ इनके चित्रों व कविता का विषय है। चित्रों में कहीं कहीं एक चेहरे में दो चेहरे दिखाई देते हैं, क्या ये आज के मनुष्य के चेहरे पर चेहरे जैसे मुखौटे नहीं प्रतीत होते , किसी चित्र में एकतारा बजाता गांव का युवक है, 

 कहीं अकेली स्त्री व उसकी परछाई है ,  कहीं घर की खिड़की के बाहर दो स्त्रियां खड़ी हैं,  कहीं मां व उसके बच्चे हैं,  मतलब इन चित्रों के विषय अनगिनत, रूप अनुपम व रंग अद्भुत हैं। इनके चित्र जीवन , घर,  आशा निराशा,  इंतजार,  अकेलापन के भावों से ओतप्रोत हैं। इनके चित्र आज की विसंगतियों से भरे जीवन में मनुष्यता का संचार करते हैं। 


समकालीन यथार्थ से निकले ये चित्र अद्भुत संवाद स्थापित करते हैं तथा कल्पना के द्वारा दर्शक इनमें अपना संसार खोजता है। तथा लोक की संवेदना से संपृक्त ये आकृतियां बिना कुछ कहे बहुत कुछ कहती हैं चित्रो में भावों का एक अनवरत् प्रवाह बहता प्रतीत होता है।

मनीषा जैन
दिल्ली




मैला सिर्फ वह ही नहीं होता
जिस पर कीचड उछाल कर
मैला किया जा रहा हो
उससे ज़्यादा मैला
सोच और समझ से भी
वह होता है
जो कीचड में खड़े होकर
अंजुरी भर -भर कीचड उछाल रहा होता है




2 

औरतें !
बहुत भली होती हैं
जब तक वे आपकी हाँ में हाँ मिलाती हैं
औरते ! 
बहुत बुरी होती हैं 
जब वे सोचने - समझने 
और
खड़ी होकर बोलने लगती हैं

3
झील का विस्तार देख कर
नहीं लगा पाया अनुमान
उसके उथलेपन का
कूद पड़ा 
और तुड़वा बैठा हाथ पैर
झीलें इतनी उथली भी होती हैं
पता नहीं था
एक दिन उसका उथलापन
झील को ख़त्म कर देगा
यह उसे पता नहीं


4
ये खुदा 
बच्चों को लम्बी उम्र आता फरमा
मेरे बच्चों ,बस मैं इतनी ही दुआ कर सकता हूँ
मज़हबों के नाम पर
तुम्हारा क़त्ल होना
अब मेरी बर्दास्त से बाहर हो गया है
लोगों ! 
यदि बच्चे ज़िंदा रहेंगे 
तो तुम्हारा मज़हब भी रहेगा 
बच्चों के बिना ये दुनिया ,
न मज़हब न खुदा रहेगा

5
संबंधों के परिपेक्ष में
गाँठ बांधते समय जितना एहतिया बरता जाता है
खोलते समय
उससे कहीं ज़्यादा बरता जाना चाहिए
सम्बन्ध, सम्बन्ध होता है
गाँठ , गाँठ होती है



6 
डरे हुए लोग 
इस बात से नहीं डरते
कि कोई उन्हें डरा हुआ जान जाए
डरे हुए लोग
इस बात से भी नहीं डरते 
कि कोई उनकी कमज़ोरी न जान ले 
डरे हुए लोग
इसलिए डरते हैं
कि कहीं साथ चलने वाला
या पीछे चलने वाला
आगे न निकल जाए
दरअसल उसका नियंत्रण
न अपने डर पर होता है 
न ही अपने आप पर

7 
मेरी एक प्यारी सी बहन है
वह इस बात से उदास है कि
वह यात्रा में थी और मैच नहीं देख पाई
और मेरा देश
क्रिकेट के मैच में हार गया
मैं उसे याद दिलाना चाहता हूँ कि
मेरी बहन उदास मत हो
शोक मनाना है तो
उस हार का मनाओ 
जनमत के जिस फाइनल मैच में 
हम देश ही हार चुके हैं


8 
मैं सपने नहीं देखता 
सपनों से मुझे डर लगता है 
देखा था बहुत पहले एक सपना
" अपने देश " के लिए 
जिसे अब भुगत रहा हूँ


मंगलवार, 4 अगस्त 2015

           जितेन्द्र कुमार सिंह की कवितायें





जितेन्द्र कुमार सिंह की कवितायें एक संवेदनशील व्यक्ति का आत्मसंघर्ष है | लोगो ने उन्हें पढ़ा कम होगा क्योंकि उन्होंने हिंदी की प्रचलित राजनीति से पर्याप्त दूरी बनाकर रखी है | कभी खुद पर चर्चा परिचर्चा को स्वीकृति नहीं दी है  | हमेशा एक कार्यकर्ता की तरह वाम संगठनो और पार्टी रहते हुए किसानो ,मजदूरों , छात्रों के बीच जाकर काम  करते रहे | खुद को अपनी विचारधारा से अलग नही होने दिया | यही कारण है वो सत्ता और खेमेबाज़ी के फेर में नही पड़े | उनकी कवितायें उनकी वैचारिक अवस्था की देन हैं |आज उनकी उम्र सत्तर वर्ष है आज़ादी के बाद से लेकर अब तक के उदारीकृत हिन्दुस्तान को उन्होंने देखा है , बखूबी समझा है इस हिन्दुस्तान को  उनकी कविताओं में स्पष्ट देखा जा सकता है | निजी पूँजी और सत्ता के अदृश्य गठबंधन के फलस्वरूप उत्पन्न असंगत दुनिया का वास्तविक मगर खतरनाक चित्र उनकी कविताओं में उपस्थित है | मनुष्य की चेतना में अलगाव कैसे होता है , उस अलगाव द्वारा पूँजी व्यक्ति को कैसे निहत्था करती है , निहत्थे , पारजित , थके हुए आदमी को इस वर्तमान दुनिया के खिलाफ खड़ा कैसे किया जाय कवि की मूल चिंता है | इसके लिए वो व्यापक बदलावों की बात करते है |इनकी  कविताओं में मुख्यतः लोकधर्मी चेतना , जीवनानुभवों की विविधता , जनसंघर्षों के प्रति आस्था , प्रतिरोध की अभिव्यक्ति , जिजीविषा , आदि का स्थापत्य देखने को मिलता  है मेरे पास उनकी तीन कवितायें उपलब्ध है  आज हम लोकविमर्श में जितेन्द्र कुमार सिंह की कविताओं पर बात करेंगे | ( चित्र कुंवर रवीन्द्र के हैं) 



1 लकङ सुंघवा
रौंद देना चाहते हैं 
आकाश को लोग 
तोङकर नक्षत्रों की ख्वाहिशें 
रोक रहे हैं सूरज को हंसने से 
पैरों से कुचल देना चाहते हैं 
पृथ्वी को 
और सोख लेना चाहते हैं 
पाताल की उर्जा 
शहर में घूम रहे हैं 
लकङ सुंघवा 
तकनीकी शिक्षा में जुटे बच्चे 
गायब हो रहे हैं 
कैम्पस से 
शेयर बाजार कर रहा अट्टहास 
और लोग हांफ रहे हैं 
खङे खङे
मुरझा रही है 
लोक कथाओं की हरियाली 
कहीं गीत झूल नहीं झूल रहे झूला 
पेङ की डाल बेजुबान हो गयी 
कुंए और पोखर 
धंसते जा रहे हैं 
नीचे और नीचे 
रुंआसा सा हो गया 
गांव का मुंह 
और थम सी गयी है 
धरती की सांस 
घुटनों में सर गङाये 
बैठी हैं नदियां 
योजनाओं की छत पर 
टहल रही हैं 
खुदगर्ज छिपकलियां 
एक ही काॅरीडोर में 
हो रहा है 
रहस्य और रोमांस का 
कीर्तन और नर्तन 
वैश्विक सम्मोहन का छाया है कुहासा 
भाव ताव जारी है 
पश्चिमी घरानों का 
थमती जा रही है 
देश की नब्ज 
समय की जरूरत के विरुद्ध खङे
इस जघन्य मौसम में कैसे टकराये 
बंद दरवाजों पर रखे पत्थरों से 
इतिहास के इस पन्ने पर 
कहां से लायें हम 
तथागत के शिला लेख 
और कहां रखेंगे हम 
गांधी की आत्म कथा को






2 गंवई गीत 

तुम जो गाती हो
सुर लय ताल में 
गंवई गीत 
तो आक्षितिज फैल जाती है 
थिरकन 
गूंज उठता है नक्षत्रों का अक्षत छंद 
पैठ जाती है 
भीतर तक मन प्राण में 
आदिम गंध 
तुम जब भी गाती हो 
समवेत सोहर 
तन जाता है
जीवन का मंगल वितान 
फैल जाती हैं उल्लास की किलकारियां 
फहराने लगता है 
ध्वज सा 
नये प्राण का विहान 
सृष्टि के नवाकुंर को 
मिल जाता है 
अनन्त आशीष 
खिलखिलाती हंसी बन जाता है 
मां के दूध से भीगा आंचल 
तुम जब भी गाती हो 
कोरस विवाह गीत
परिभाषित होता है 
नारी की मांग में लगा सिन्दूर 
और रेखांकित होती 
उसकी नीयति नीति 
उद्धृत होते हैं विधि निषेध 
और दर दहेज के अंधङ भी 
दिख जाते दर्पण में 
आंसू से भीगे गाल 
विदा हो जाती हैं बिटिया 
खोइछा भर नैहर लिये 
तुम झूले की पेंग बढाकर 
जब भी गाती हो सस्वर कजरी गीत 
बगिया में पेङों की डाल 
नासिका में भर जाती है 
आम्र मंजरी की सुरभि 
आंचल छू आता है 
फुनगियों का छोर 
गाने लगती है कोकिल 
और हवा गुनगुनाने लगती है 
जब भी तुम गाती हो 
रोपनी के गीत 
नदी की लहरों सा आंचल 
कमर में खोंस कर 
मानों पपीहा पुकारता कहीं 
परदेशी पिया को 
पी कहां ,पी कहां
कछाङ मारे 
खेत के छपर छपर पानी में 
धान रोपती 
छलछला आते 
श्रम बिन्दू सूर्य तनया देह पर 
श्रम श्लथ 
बखरी में आकर 
तुम पाती हो कुछ धान 
मजूरी में
बेटे की शहादत पर 
अस्सी पार की मां 
गाती क्या ,रोती है 
कहवां हेराय गइलन हिरवा 
एक बार माई कहिदा ललनवा 
तब फट जाता है आसमान का कलेजा 
और धरती सौ सौ सलाम भेजती है



३ कवि गीत रचेगा

ऊपर ऊँचे आसमान पर 
उगते ,चढ़ते सूरज पर 
चाँद सितारों पर 
नदियों ,पेङ पहाङों पर 
तितली भौरों मछली चिङियों पर 
चह चह करती चिङियों पर 
कवि गीत रचेगा 
कविता होगी 
क्या भूख प्यास 
कविता से बाहर होगी 
शोषण दोहन उत्पीङन पर 
या महुआ बीन रही 
बुढिया पर कोई गीत नहीं रचेगा
नख शिख पर कविता होगी 
खिले फूल से चेहरे पर 
नील झील सी आंखों पर 
कटि नितम्ब पर 
खुली टांग पर कविता होगी 
क्या भूख प्यास कविता से बाहर होगी ?
क्या किसान की बदहाली पर 
बंधुआ मजदूर पर 
आदिम जीवन जीते लोगों पर 
दलितों पर 
औरत पर 
भूखे सोते बच्चों पर 
और अकलियत पर 
छंद भंग हो जायेगा ?
कोई कविता नहीं बनेगी
क्या सबकुछ ऐसे ही 
रखने को 
गुपचुप सी कविता होगी ?
कोई प्रश्न नहीं उठेगा 
जीवन का, जन जन का ?
क्या किरकिट तिरकिट 
ताक धिनाधिन -ताक धिना धिन 
ताक धिनाधिन कविता होगी ?
इंटरनेट कम्प्यूटर होगा 
खरबों के मालिक अम्बानी होंगे 
कविता में सचिन, गावास्कर 
अजहर होंगे 
चौका होगा 
छक्का होगा 
क्या सज्जन कुमार और प्रज्ञा देवी
 की करतूतें नहीं होंगी 
बिग बी होंगे 
नेता होंगे 
अभिनेता होंगे 
विश्व सुन्दरी 
राष्ट्र सुन्दरी मिशेल ओबामा 
वैष्णो माई 
अली , बली , बजरंग बली 
और धर्म गुरू का प्रवचन कीर्तन 
पूजा पाठ चढावा होगा
हथियार गैस परमाणु रियेक्टर 
कम्पनियों का विज्ञापन होगा 
जल जमीन हथियाने को निजी एजेंसी होगी 
जन जीवन विस्थापित होगा 
रहने को ठौर नहीं होगा 
चूल्से में आग नहीं जलेगी ।
खाने को कौर नहीं होगा 
क्या इसपर कविगण मौन रहेंगे ।
कोई कविता नहीं रचेंगे







जितेन्द्र कुमार सिंह
बड़ा महादेवा , पीरनगर , आजमगढ़ ,

पुस्तकें – जो लोग अभी तक जिन्दा हैं , मार्क्सवादी समाज का चिंतन, सोनबरसा की सोनचिरैया , साहित्य का समाजशास्त्र ,