मंगलवार, 22 सितंबर 2015


     प्रेमनन्दन की कवितायें

युवा कवि प्रेमनन्दन आज की पीढी के कवि हैं इनका समय विश्वपूँजीवाद के खतरनाक परिणामों का समय है । इनकी कविता में उपस्थित देशकाल एक विशिष्ट आनुभविक स्तर पर विद्यमान है जिसमें आज की कशमकश साफ़ दिखाई देती है । ऐसा नहीं है कि सच्चाई और साहस के नाम पर अराजक बडबोला पन हो बल्कि यथार्थ संवेदन और बचाने की जिद ने खरापन और कोमलपन का सुरुचिपूर्ण आमेलन कर दिया है । खरापन निपट बयान के रूप में और कोमलपन रोमैन्टिक संवेदन के रूप में उपस्थित है । ये दोनो भंगिमाएं आज की पीढी की  नवीन सौन्दर्य दृष्टि है जो लगभग सभी में मिलती है । प्रेमनन्दन की कविताएं पतनशील व्यवस्था के टूटते तिलिस्म में जनवादी मूल्यों की तलाश करती हैं जो अपने हर बयान में अमानुषिक व्यवस्था पर व्यंग्य करतीं हैं घातक वर्गीय मतभेदों के चलते कवि आपने वजूद के लिए भयानक संघर्ष करते दिखता हैं यहां तक की सपनों में भी वर्गीय चेतना का प्रभाव देखता है पर अनुभव की गहराई और भाषा की समझदारी ने उनकी कविता को अभिव्यक्ति के सन्दर्भ में चालू मुहावरों से बचा लिया है । प्रेमनन्दन की मुख्य समस्या भूमंडलीकरण से उत्पन्न नवीन वर्गीय सम्बन्धों द्वारा व्यक्ति के आन्तरिक तनाव , विघटन , पतन , की समस्या है ।ये समस्याएं वो अपनी अनगिनत विशेषताओं के साथ विविध अनुभूतियों और मनुष्य की प्रासंगिक भंगिमाओं के साथ प्रस्तुत करते हैं । आज हम लोकविमर्श मे युवा कवि प्रेमनन्दन की कुछ कविताएं प्रकाशित कर रहे हैं आइए पढते हैं ..चित्र कुवंर रवीन्द्र के हैं


/
1-दूषित होती ताज़ी साँसें #

अभी -अभी किशोर हुईं 
मेरे गाँव की ताजी साँसें
हो रही हैं दूषित
सूरत, मुम्बई, लुधियाना...में !
लौट रही हैं वे
लथपथ,
दूषित- दुर्गन्धित !
उनके संपर्क से
दूषित हो रही रही हैं
साफ , ताजी हवाएँ 
मेरे गाँव की !



2- अफवाहें बनती बातें

सच यही है
कि बातें वहीं से शुरू हुईं
जहाँ से होनी चाहिए
लेकिन ख़त्म हुई वहाँ
जहाँ नहीं होनी चाहिए थी !
बातों के शुरू और खत्म होने के बीच
तमाम नदियाँ, पहाड़, जंगल और
रेगिस्तान आए
और अपनी गहराई, ऊँचाई, हरापन और 
नंगापन थोपते गए |
इन सबका संतुलन न साध पाने वाली बातें ,
ठीक तरह से शुरू होते हुए भी
सही जगह नहीं पहुँच पाती-
अफवाहें बन जाती हैं !
अच्छा नहीं है,
बातों का अफवाहें बनना !


3- मैं जानता हूँ
मैं जानता हूँ 
कि सागर की लहरों पर
चित्र नहीं बनते!
मैं जानता हूँ 
कि बिखरी हुई रेत से
महल नहीं बनते!
मैं जानता हूँ 
कि हमारे सोचने-मात्र से
बदलती नहीं दुनिया!
मैं जानता हूँ 
फिर भी कोशिश करता रहता हूँ लगातार
इस दृढ़ विश्वास और संकल्प के साथ 
कि मेरा सार्थक प्रयास
बदल देगा एक दिन-
लहरों को कैनवास में
रेत को शिलाओं में 
सोच को हकीकत में|
मैं जानता हूँ|



4-जिद्दी पैर
 

'उतने पैर पसारिए  जितनी चादर होय'
की लोकोक्ति को
अपने पक्ष में खड़ा करके
चादर छोटी ही होती रही
पैरों से हमेशा !

बाहर न निकल जाएँ 
चादर से
इस कोशिश में
कई -कई बार कटना पड़ा पैरों को
चादर में अँटने के लिए |

खुली चुनौती है :
जितनी छोटी होना चाहे,
हो जाए चादर
पैर भी कम जिद्दी नहीं हैं !



5- वे ही आएं मेरे पास


जिन्हें चाहिए
मीठे चुम्बन
माँसल देह के आलिंगन
तीखे और तेज परफ्यूम
मादक दृश्य,
पॉप संगीत...

वे न आएं मेरे पास !

जिन्हें देखना हो संघर्ष
सुनना हो श्रमजीवी गीत
चखना हो ,
स्वाद पसीने का
माटी की गंध सूंघनी हो
करना हो महसूस
दर्द फटी बिवाईयों के...

वे ही आएं मेरे पास !





6--सपने जिंदा हैं अभी

मर नहीं गए हैं सब सपने 
कुछ सपने जिंदा हैं अभी भी !
एक पेड़ ने
देखे थे जो सपने
हर आँगन में हरियाली फ़ैलाने के 
वे उसके कट जाने के बाद भी
जिंदा हैं अभी
उसकी कटी हुई जड़ों में |
एक फूल ने
देखे थे जो सपने
हर माथे पर खुशबू लेपने के
वे उसके सूखकर बिखर जाने के बाद भी
जिंदा हैं अभी
उसकी सूखी पंखुड़ियों में |
एक तितली ने
देखे थे जो सपने
सभी आँखों में रंग भरने के 
वे उसके मर जाने के बाद भी
जिंदा हैं अभी
उसके टूटे हुए पंखों में |
एक कवि ने 
देखे थे जो सपने 
सामाजिक समरसता के;
जात-पात , छुआछूत, पाखंड, अंधविश्वास 
और धर्मान्धता से 
मुक्त समाज के ,
वे उसके मार दिए जाने के बाद भी 
जिंदा हैं अभी 
उसकी रचनाओं में |
मर नहीं गए हैं सब सपने 
कुछ सपने जिंदा हैं अभी भी !






-----प्रेम नंदन 
उत्तरी शकुन नगर ,
फतेहपुर , उ0 प्र0
31/08/2015



बुधवार, 16 सितंबर 2015

देवेन्द्र आर्य के गीत





इ गठरी मेहनत की गठरी
इ गठरी हिम्मत की गठरी
अंधियारे में सरक न जाये
नहीं है ये रिशवत की गठरी

आँख झपे सगरो अँधियारा ,नींद से जगे भोर
तोरी गठरी में लागा चोर , मुसाफ़िर  सोयो न !

हिन्दी में जनगीतों की पुरानी परम्परा है| लोकभाषा में रचे गए गीत कवित को जनता के बीच ले जाकर उन्हें वर्गीय अवस्थिति से परिचित करातें है | देवेन्द्र आर्य जी का यह गीत एक जागरण गीत है इसमें भारतीय लोकतंत्र के शोषक और बुर्जुवा चरित्र से लोकमानस को आगाह किया गया है | देवेन्द्र आर्य के गीत समूची व्यवस्था की पड़ताल करते हुए भारतीय आम जनता मनोस्थिति से रूबरू करातें है | कविता भले ही अपने तमाम संरचनात्मक पहलू छोडकर गद्य जैसी शुष्कता और सपाट भंगिमाएं स्वीकार कर ले पर लय नहीं छोडी जा सकती है ।लय कवि और कविता के मध्य शैली का सवाल है  शब्दों का चयन , संस्थापन , ध्वन्यात्मक आरोह , अवरोह , पाठ विराम , जैसे संरचनात्मक उपागम कविता को जीवन्त कर देते हैं । हलांकि कंटेंट की कीमत में 'लय' अबाध रखने का जोखिम नहीं उठाया जा सकता है और उठाना भी नहीं चाहिए यदि वैचारिक अपक्षय हो रहा है तो कविता न होने का संकट खडा हो सकता है । ऐसे में जरूरी है कि कवि अपनी जमीनी अवस्थिति और परिवेश के प्रति वैचारिक रूप से लोकचेतन हो । कुछ भी लिख देना कविता नहीं हैं बल्कि लेखकीय आत्मसंघर्ष व वैचारिक रूप से पुख्ता जनसंवेदनाओं का दस्तावेज कविता है ऐसे ज्वलंत कंटेंट के साथ यदि कवि 'लय' को भी बरकार रखता है तो यह सोने पे सुहागा है ।ऐसे कवि विरले मिलते हैं  देवेन्द्र आर्य ऐसे ही कवि हैं जो कविता की अन्तर्वस्तु के साथ साथ शब्दों की लयात्मक भंगिमाओं को बडी शिद्दत के साथ कविता में प्रयुक्त करतें हैं । दवेन्द्र आर्य के गीतों में लय बन्ध संवेदनाओं के साथ रिदम तय करते है भाव उत्क्षेपण , विस्तार , संकुचन के साथ ही लयात्मक भंगिमा परिवर्तित हो जाती है इस स्थिति न केवल कविता गेय बन जाती है बल्कि पाठकीय मन: स्थिति के साथ अपने रचनात्मक प्रभाव भी दिखाने लगती है । संस्कृत ,हिन्दी ,अरबी , फारसी तक 'लय' की अपनी विशाल परम्परा है  गज़ल , गीत  , छन्दविधान कभी लोकगीत , ग्राम्यगीत आदि अपरूपों का सफ़र इंसानी सोच का सफर है इनमें मानवीय चेतना के विकास को परखा जा सकता है   अस्तु लयबन्धों को साहित्य के दायरे से अलग थलग करके हम मानवीय तहजीब और जमीनी सृजनात्मकता को ही नकार रहे होते हैं । देवेन्द्र आर्य के गीत जितने भी मैने पढें हैं वो सब इंसानी सौन्दर्य को विकृत करने वाली बुर्जुवा अपसंस्कृति के खिलाफ अकेले आदमी का आत्मसंघर्ष है यह संघर्ष मजहबी और सरहदी सीमाओं में नही समेटा जा सकता न ही कवि के परिवेश में सीमित किया जा सकता है यह समूची मानवता के सांस्कृतिक जद्दोजेहद को रेखांकित करता है । उनकी कविता 'चल रहीं हैं छीनियां' इसी प्रकार की कविता है । देवेन्द्र आर्य के गीतों में कृत्रिम भाषा नहीं है वही भाषा है जिसे दुष्यन्त कुमार कहते थे 'मैं बोलता हूँ जिसमे बात करता हूं' इसी भाषा को 'आमफहम' कहा जाता है जिसे लगभग हर हिन्दुस्तानी गुनगुना सकता है इसी भाषा में जनता बात करती है और इसी भाषा में जनता सीखती है कविता को जनता के बीच ले जाने के लिए इसी शिल्प और भाषा की जरूरत है जिसे देवेन्द्र जी ने अपनाया है । आज हम लोकविमर्श में अपने समय के प्रतिनिधि गीतकार देवेन्द्र आर्य के गीत प्रकाशित कर रहें है उन्होंने मेरे अनुरोध से  लोकविमर्श हेतु गीत भेजे हैं इसके लिए मैं उनका आभारी हूँ आगे भी उनसे सहयोग की अपेक्षा करूँगा गीतों के साथ चित्र के रवींद्र के हैं





(१) देखा जायेगा

होगा ,जो भी होगा साला
देखा जायेगा।
क्या कर लेगा ऊपरवाला
देखा जायेगा।

डर जीवन की पहली और अंतिम कठिनाई है
मौत को लेकर सौदेबाजी होती आई है
करो कलेजा कड़ा
आँख में आँखें डाल कहो
यह लो अपनी कंठी माला , देखा जायेगा।

पुल के नीचे एक किनारे दुबकी पड़ी नदी
दुनिया, दुनिया वालों से रहती है कटी-कटी
सपने सावन के अंधों की भीड़ हो गए  हैं
अंधों से भी कहीं उजाला देखा जायेगा ?

मरना सच है, जानके भी
किसने जीना छोड़ा
सच की राह में अपना टुच्चापन ही है रोड़ा
केवल खतरा-खतरा चिल्लाने से बेहतर है

मार लें हम होठों पर ताला  
देखा जायेगा।
***


(2) गठरी में चोर

तोरी गठरी में लागा चोर
मुसाफ़िर  सोयो न !

माथ पसीना गार के सींच्यो
पानी जड़-पाताल से खीच्यो
तपती धूप ढिढुरती सर्दी , खेत में जान-परान उलीच्यो

फसल कटे पर ठग-बटमारन की हुई गयी बटोर
तोरी गठरी में लागा चोर
मुसाफ़िर  सोयो न !

आठ बरिस की उमिर से लागा
घर-गिरहस्ती सुइ  में तागा
मुरझ गए अंखुआए सपने, जरिके  रहिगा पेट अभागा

उमिर की पोखर कींचड़ हुई गई
देह भई कमजोर
तोरी गठरी में लागा चोर , मुसाफ़िर  सोयो न !

दादा खटे सुखी हो बेटवा
बेटवा खटे भरे ना पेटवा
दुइ हाथन की अपनी कमाई
लूटे खातिर जग-पेटकटवा

जाग मुसाफिर जाग
ठगिनिया नींद रही झकझोर
तोरी गठरी में लागा चोर , मुसाफ़िर  सोयो न !

इ गठरी मेहनत की गठरी
इ गठरी हिम्मत की गठरी
अंधियारे में सरक न जाये
नहीं है ये रिशवत की गठरी

आँख झपे सगरो अँधियारा ,नींद से जगे भोर
तोरी गठरी में लागा चोर , मुसाफ़िर  सोयो न !
***

(3) लोन मेला

चलो, लोन मेला में हो आएं।

फ्रीज़ मिले ,कार मिले
सोलहो सिंगार मिले
लोन में मिलें मम्मी पापा
पूंजी है शेषनाग
ब्रह्म-ग्यान पूंजी को
व्यापे ना दैहिक दैविक भौतिक तापा

पुनर्पाठ नश्वर दुनिया की नश्वरता का
मंडी का दर्शन अपनाएं
चलो, लोन मेला में हो आएं।

किसी भी डिजाइन का टूटा फूटा लाओ
बदले में नया प्रेम ले जाओ
बंपर डिस्काउंट है
एक प्यार खर्च करो तीन प्यार पाओ

नया नया लांच हुआ सच का हूबहू झूठ
चलो, क्लोन मेला में हो आएं !

थोड़ा सा फिसलो और गट्ठर भर नेम-फेम
करनी में चार्वाक कविता में शेम-शेम
भीतर से चाटुकार , बाहर से भगतसिंह
द्वंद्व  ही कला है, जीवन है

खतरा है, खतरे से बचने के लिए बिकें
बिकने के लिए खरीदवाएं
ए  सुगना,
हम भी दुनिया से ऊपर तो नहीं
एक कदम अमरीका हो जाएँ।
***

(4) राम कहानी

तुम्हें क्या पता मैनें कैसे
जोड़े हैं थोड़े से पैसे
इतने थोड़े
जितने में एक छत भी नहीं हुआ करती है
जितने में निबाह करने को
जग की रीत मना करती है।

अब कितना कम खाता , बोलो
मन को कस में रख्खा लेकिन तन को क्या समझाता , बोलो
तुम्हें क्या पता मैनें कैसे
काटे हैं दिन ऐसे वैसे
जिन्हें काट पाना साधारणतः आसान नहीं होता है
पीठ भले हो जाये लेकिन
कौन यहाँ कंधा होता है

तुम्हें क्या पता मैनें कैसे टक्कर ली उस बाघ-समय से
जिसके होने की आशंका भी
बी.पी दुगना करती है।

थोड़ा नगद, उधारी ज़्यादा
दमा से मैं टकराया ले कर इन्व्हेलर की जगह जोशाँदा

तुम्हें क्या पता मैनें कैसे
कई नाम से कई तरह से
जिन्दा रह के पोसा है इस छोटी सी अपनी दुनिया को
जैसे होरी पोस रहा था
अपने भीतर की धनिया को

तुम्हें क्या पता मैनें कैसे
तीन की रक्षा की है छय से
मंडी जिसकी राम कहानी फंदे डाल बुना करती है।  

नाकारा हूँ मैंने माना
दुनिया का पुरुषार्थ यही है
चाहे जैसे नोट कामना

तुम इंटरनेट पर जितना व्यय करते होगे
मैं उतने में
चौथ भेज सकता था अपनी सद्यः परिणीता बेटी का
और बचा सकता था उसको जीवन भर सुनने से ताना

फटी जेब बाप बन जाना
मन को मार के मन बहलाना
मेरी दुखियारी बेटी ही मेरे लिए दुआ करती है।
***

(5) तीस्ता सीतलवाड के लिए    

कीमत फिर भी बड़ी चीज़ है
हमा-शुमां के लहजे को
मामूली अनुदान बदल के रख देता है।

सपनों में आया हल्का सा परिवर्तन
भीतर से इंसान बदल के रख देता है।

रिंग जा रही होती है
लेकिन रिस्पांस नहीं होता है
हो निर्वात तो संवादों का कोई चांस नहीं होता है
किसी देश के किसी काल के किसी भी गांधी को देखो तुम
डेढ़ हड्डियों पर एक गाल बराबर मांस नहीं होता है

एक कबीर का होना
वेद पुराणों से अर्जित सारा ग्यान
बदल के रख देता है।

जब भी कोई
सच में फिनिशिंग टच पैदा करने लगता है
सच का देशज औषद्यीय गुण भीतर से मरने लगता है
सच की सत्ता पर काबिज़ होके सूरज बनने वाला
सच की खाद-मिलावट की सच्चाई से डरने लगता है

सच में झूठ का हल्का सा भी खारापन
लोगों के दिल में उपजा सम्मान
बदल के रख देता है।
***


(6) रोटी का संविधान
दिल्ली झंडा और देशगान
साधू जंगल गइया महान ।

सबके सब ठिठक गए आके
लोहे के फाटक पर पाके
टिन का एक टुकड़ा लटक रहा
'कुत्ते से रहिए सावधान ।'
चेहरे पर उग आई घासें
सड़ती उम्मीदों की लाशें
वे जब भी सोचा करते हैं
उड़ते रहते हैं वायुयान ।

बातों को देते पटकनिया
चश्मा स्याही टोपी बनिया
उन लोगों नें फिर बदल दिया
अपना पहले वाला बयान ।

केसरिया झंडा शुद्ध लाभ
जैसे समझौता युद्ध लाभ
रस्ता चलते कुछ लोग हमें
देते रहते हैं दिशा ग्यान ।

एक गीत और एक बंजारा
अाओ खुरचें यह अंधियारा
नाखूनों की भाषा में लिख डालें
रोटी का संविधान ।
***


(7) जीवन -लय
घर हो या मौसम
कुदाल या कवितायेँ
लय  टूटी तो सब के सब घायल होंगे।

जीवन से उलीच के जीवन को भरती
कविता उन्मुख और विमुख दोनों करती
अगर न  रोपे गए करीने से पौधे
हरे-भरे तो होंगे
पर जंगल होंगे।

ताल-छंद
ध्वनियों शब्दों की आवृत्तियाँ
सुर में भी होती हैं अक्सर विकृतियां
कोल्हू सा चलना तो लय हो सकता है
लकिन उसमें  जुते  बैल की स्मृतियाँ !

कविता का विकल्प सिर्फ़ कविता होती
मौसम वही कि जिसकी प्यास नहीं मरती

चाहे जितना ‘आज’ हो गए हों लकिन
हम उतना ही बचेंगे जितना ‘कल’ होंगे।

फल चमकती है कुदाल की सपनें में
घर खुद ही परिभाषित होता अपने में
लय  का रख-रखाव आवश्यक होता है
मन के भीतर कविताओं के छपने में

कविता में संकोच और रिश्तों में लय
आरोहों अवरोहों का ही नाम समय
ग़म
मरहम
लहजे का ख़म और कम से कम
बातों में हो दम तो सब कायल होंगे।

हम इस पार रहे उस पार रही कविता
कविता के भीतर ही हार रही कविता
खतरों का भय
यानी लय अनदेखा कर
अपने पॉव कुल्हाड़ी मार रही कविता

सामंती कविताओं
कवि-सामंतों से
बचना होगा कविता को श्रीमंतों से
जीवन की गति
संगती में हो , प्रसरित हो
तभी प्रश्न कविताओं के भी हल होंगे।
****



देवेन्द्र आर्य
A -127 आवास विकास कालोनी ,शाहपुर
गोरखपुर -273006
मोबाइल - 09794840990